“पुलिस का सहयोग, कुली का सहारा, स्टेशन बने सुरक्षित हमारा”

0
IMG-20260130-WA0084

रेलवे परिसर में अपराध नियंत्रण हेतु कुली-वेंडरों के साथ समन्वय बैठक आयोजित

प्रीतेश जैन । इंदौर- रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से शासकीय रेलवे पुलिस इंदौर द्वारा “पुलिस का सहयोग, कुली का सहारा, स्टेशन बने सुरक्षित हमारा” नामक कार्यक्रम के अंतर्गत आज जीआरपी थाना इंदौर में कुली एवं वेंडरों के साथ एक महत्वपूर्ण संवादात्मक बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक (रेलवे) पद्म विलोचन शुक्ल ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन पर दिन-रात सक्रिय रहने वाले कुली एवं वेंडर स्टेशन की प्रत्येक गतिविधि से परिचित रहते हैं। यदि इन्हें पुलिस के सूचना तंत्र से जोड़ा जाए, तो संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की जानकारी समय पर प्राप्त कर अपराधों को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सकता है। इसी उद्देश्य से कुलियों एवं वेंडरों को पुलिस की “आंख और कान” के रूप में जोड़ने की यह नई पहल प्रारंभ की गई है। श्री शुक्ल ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा केवल पुलिस बल के भरोसे संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के जिम्मेदार वर्गों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। “पुलिस का सहयोग, कुली का सहारा, स्टेशन बने सुरक्षित हमारा” कार्यक्रम इसी सोच का सशक्त उदाहरण है, जो सामूहिक प्रयास से सुरक्षित रेलवे परिसर की दिशा में एक मजबूत कदम है।

बैठक में उप पुलिस अधीक्षक (रेल) इंदौर ज्योति शर्मा, जीआरपी थाना प्रभारी इंदौर रश्मी पाटीदार के साथ रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एआरओ हरिराम मीणा, एसीएम बसंत नायर, स्टेशन मास्टर प्रशांत पारकर एवं सीएमआई सतीश वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान कुलियों द्वारा अपनी दैनिक ड्यूटी में आने वाली समस्याओं को सामने रखा गया, जिनके समाधान हेतु उपस्थित रेलवे अधिकारियों द्वारा गंभीरता से चर्चा कर शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया गया। इससे कुलियों में सकारात्मक संदेश गया एवं पुलिस-रेलवे समन्वय को और मजबूती मिली।

इसके अतिरिक्त जीआरपी इंदौर द्वारा “हमारी सवारी – भरोसे वाली” अभियान के अंतर्गत रेलवे स्टेशन इंदौर के तीन ऑटो /टैक्सी चालक मांगीलाल यादव, पवन साहू, प्रदीप चौकसे को पुरष्कृत कर सम्मानित किया गया, जिन्हें रेल यात्रियों से सर्वाधिक सकारात्मक फीडबैक प्राप्त हुआ है। यह सम्मान यात्रियों के प्रति सुरक्षित, विनम्र एवं भरोसेमंद सेवा को प्रोत्साहित करने की दिशा में जीआरपी की सराहनीय पहल है।जीआरपी इंदौर द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम न केवल अपराध नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह पुलिस, कुली, वेंडर एवं रेलवे प्रशासन के बीच आपसी विश्वास और सहभागिता को मजबूत करता है। इस पहल से रेलवे स्टेशन इंदौर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं यात्री-अनुकूल बनाने में निश्चित रूप से महत्वपूर्ण सफलता मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *