ज़िन्दग़ी का हर लम्हा क़ौम और वतन की खिदमत में गुजारकर अपने वतन के मुस्तकबिल को और संवारेंगे- जमीयत उलेमा ए हिंद का सफल आयोजन

0
IMG-20260803-WA0071

इंदौर। 2 अगस्त इतवार की दोपहर धार रोड इंदौर के मन्नत गार्डन में क़ौम के नोजवान सरफराज अंसारी और मोहम्मद जुहेर पग़नानी के नेतृत्व में टीम शादाब पटेल के साथियों के साथ बहुत बड़ी तादाद में मौज़ूद बुजुर्गों और उलेमा ए दीन की मौजूदगी में जमीयत उलेमा-ए-हिंद के नव नियुक्त सदर मौलाना नौशाद साहब, सेक्रेटरी सादिक साहब और दीगर ओहदेदारों का बड़े खुलूस, बड़ी मोहब्बत,बड़ी फराख़ दिली और बड़ी उम्मीदों के साथ गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। इस खुसूसी मौक़े पर आगामी यौमे आज़ादी के नेशनल फेस्टिवल के मद्देनज़र एक जलसा भी मुनअक़ीद किया गया जिसका उन्वान था-

जमीयत उलेमा ए हिंद का तआरूफ और भारत की आज़ादी की जंग में उसका तारीख़ी क़िरदार

बरसों बाद पश्चिमी इंदौर में हुए इस बेहद कामयाब जलसे ने न सिर्फ़ मौजूदा सैकड़ों नौजवानों,बुजुर्गों और बच्चों की रूह को झिंझोड़ कर उन्हें बेदार किया बल्कि उन्हें इस बात का अहद भी दिलाया कि वे अपनी आइंदा ज़िन्दग़ी का हर लम्हा क़ौम और वतन की खिदमत में गुजारकर अपने वतन के मुस्तकबिल को और संवारेंगे।

वतन की बेहतरी के लिए कुछ भी कर गुजरने के जूनून से भरे इस जलसे की सदारत इंदौर शहर के जानेमाने शिक्षाविद् प्रो. हलीम साहब ने की। जलसे के चीफ़ गेस्ट बुजुर्गवार जनाब मुनीर साहब थे। स्पेशल गेस्ट सलीम अंसारी साहब, शफी साहब, डॉ सगीर अहमद, अशफ़ाकुर्रहमान साहब, मुफ़्ती जकाउल्लाह शिबली साहब पार्षद रफीक खान साहब थे।इस्लामिक दानिश्वर मोलाना सादिक साहब ने तारीख़ी हवालों के साथ जंगे आज़ादी में दी गई लाखों उलेमाओं और मुसलमानों की कुर्बानियों पर रोशनी डाली। इस्लामी तारीख़ और दीन के विद्वान सलीम अंसारी साहब ने जलसे से इंतख़ाब कर मिल्लत और विशेषकर नौजवानों की रूह को झिंझोड़ते हुए उन्हें तारीख़ से सबक लेकर वर्तमान हालात से बाख़बर रहते हुए नई चुनौतियों के लिए तैयार रहने को कहा।

इस मौके पर जमीयत उलेमा ए हिंद के नव नियुक्त सदर मौलाना नौशाद साहब अपने ओहदे को एक बड़ी जिम्मेदारी के रूप में ग्रहण करने का अहद लिया ।

उन्होंने विभिन्न मोर्चों पर वतन में चल रहे जमीयत के कामों की तफसील से जानकारी दी। साथ ही कहा कि हम सब मिलकर शहर इंदौर में हर क़ौम के बच्चों को नशे से दूर रखने और जो नशे में मुब्तिला हो गए हैं उन्हें इस लत से दूर करने के लिए नशे के ख़िलाफ़ एक जंग छेड़ेंगे। हम हर क़ौम से मिलकर इंदौर में सद्भावना मिशन के जरिए कम्युनल हारमनी के लिए काम करेंगे। उन्होंने सभी से जमीयत उलेमा ए हिंद से जुड़ने की अपील की। इस अवसर पर इस गर्मी में अपनी जेब से लाखों रुपये खर्च कर ग्रीनपार्क और बांक पंचायत में पेयजल उपलब्ध कराने वाले शादाब पटेल का विशेष रूप से इस्तकबाल किया गया।

प्रोग्राम के आख़िर में जलसे में मौज़ूद सैकड़ों लोगों ने बुजुर्गवार ज़नाब अशफ़ाकुर्रहमान खोकर साहब की रहनुमाई में अल्लाह की बारगाह में क़ौम, वतन और सारी दुनिया की बेहतरी के लिए दुआ की।

अपनी सधी और जीवंत एंकरिंग से ख्यात पत्रकार और एक्टिविस्ट आदिल सईद और मुफ़्ती सैफुल्लाह अर्शी ने इस जलसे की कामयाबी में चार चांद लगा दिए। मेहमानों का इस्तकबाल रिजवान भाई,मिर्ज़ा ज़ाहिद बेग, शकील भाई, सरफराज़ अंसारी आदि ने किया।आभार पार्षद रफीक खान ने माना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजातरीन