सदर बाजार क्षेत्र में खुलेआम बिक रही भांग, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

0
Screenshot_20251107-150930

इंदौर । शहर में नशे के कारोबार पर रोक के दावे करने वाली पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। सदर बाजार थाना क्षेत्र के रामबाग इलाके से एक वीडियो सामने आया है, जिसमें खुलेआम भांग की अवैध बिक्री होती दिख रही है। बताया जा रहा है कि यह पूरा कारोबार स्थानीय पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से चल रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच और कार्रवाई की बात कही है। सूत्रों के अनुसार, सदर बाजार और आसपास के इलाकों में लंबे समय से खुले में भांग बेची जा रही है। खास बात यह है कि यह बिक्री थाना क्षेत्र के प्रमुख हिस्सों में होती है, जहां पुलिस की नियमित गश्त रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की जानकारी के बिना यह कारोबार संभव ही नहीं है। बताया जा रहा है कि भांग की बिक्री पर रोजाना मोटी रकम के लेन-देन होते हैं, जिसमें कुछ पुलिसकर्मी भी हिस्सेदारी रखते हैं। यह पहला मौका नहीं है जब इंदौर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे हों। कुछ दिन पहले मल्हारगंज थाना क्षेत्र से भी इसी तरह का वीडियो सामने आया था, जिसमें खुलेआम भांग बेचे जाने के दृश्य कैद हुए थे। उस समय भी पुलिस ने जांच की बात कही थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब एक बार फिर सदर बाजार क्षेत्र से सामने आए वीडियो ने पुलिस प्रशासन की छवि पर दाग लगा दिया है। शहर में अपराध नियंत्रण और ड्रोन से निगरानी जैसे दावे करने वाली पुलिस के लिए यह मामला गंभीर चुनौती के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल, वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और कहा है कि यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता पाई जाती है, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार पुलिस केवल बयानबाजी तक सीमित न रहकर वास्तव में कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *