अहमदाबाद दुबई से आई फ्लाइट के टॉयलेट में छिपा मिला 4.26 करोड़ का सोना, तस्करों की नई चाल से चौंके अधिकारी
13 जून शनिवार 2026
नई दिल्ली: गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी के एक बड़े प्रयास का पर्दाफाश किया है। दुबई से आई इंडिगो की एक फ्लाइट के टॉयलेट में लगे स्पीकर बॉक्स से करीब 4.26 करोड़ रुपये मूल्य का सोना बरामद किया गया है। बरामदगी के बाद भी किसी ने सोने पर दावा नहीं किया, जिसके चलते कस्टम विभाग ने इसे जब्त कर लिया है। जानकारी के अनुसार 12 जून को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने दुबई से अहमदाबाद पहुंची इंडिगो फ्लाइट संख्या 6E-1478 की विशेष जांच की। विमान के अगले हिस्से में स्थित टॉयलेट की तलाशी के दौरान स्पीकर बॉक्स के भीतर काले प्लास्टिक टेप में लिपटे दो संदिग्ध पैकेट मिले।

पैकेट खोलने पर अधिकारियों को 24 कैरेट शुद्धता वाले सोने के 24 बिस्किट बरामद हुए। इनका कुल वजन 2,799.3 ग्राम बताया गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार के अनुसार बरामद सोने की अनुमानित कीमत 4,26,89,325 रुपये आंकी गई है। कस्टम विभाग के अनुसार इतनी बड़ी बरामदगी के बावजूद किसी भी यात्री या अन्य व्यक्ति ने सोने पर दावा नहीं किया। ऐसे में कस्टम्स एक्ट, 1962 के तहत इसे लावारिस संपत्ति मानते हुए जब्त कर लिया गया है।फिलहाल विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि सोना विमान के टॉयलेट तक कैसे पहुंचा और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। जांच के तहत एयरपोर्ट और विमान के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों को आशंका है कि इस मामले के पीछे कोई संगठित तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले भी कस्टम विभाग ने एक यात्री को 60 लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के हुक के साथ पकड़ा था। लगातार सामने आ रहे मामलों ने हवाई मार्ग से होने वाली सोने की तस्करी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।
