मुस्लिम युवक के साथ हिंदू युवती को बजरंग दल ने पकड़ा, मच गया हंगामा

0
मुसाफ़िरनामा_20251018_015346_0000

इंदौर – आजाद नगर थाना क्षेत्र में उस वक्त हंगामा मच गया जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक मुस्लिम युवक को युवती के साथ घर में पकड़ा और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना पवनपुरी कॉलोनी की बताई जा रही है, जहां युवक समीर खान के होने की सूचना बजरंग दल कार्यकर्ताओं को मिली थी। कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर युवक को घर से बाहर निकाला और उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूत्रों के अनुसार, युवक और युवती आपसी जान-पहचान के चलते मिल रहे थे। जैसे ही जानकारी बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को लगी, वे मौके पर पहुंचे और हंगामा करने लगे। बताया जा रहा है कि युवक पर ‘लव जिहाद’ को लेकर आरोप लगाए गए हैं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उसका वीडियो भी बनाया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग युवक को पीटते और धार्मिक नारे लगाते नजर आ रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर आजाद नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायल युवक को थाने लाकर पूछताछ की तो युवक की पहचान समीर खान के रूप में हुई है। उसके खिलाफ शांति भंग करने की आशंका के तहत प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई है। फिलहाल पुलिस ने युवक से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि युवती बालिग है और दोनों आपसी सहमति से मिले थे। वहीं, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा की गई पिटाई और भीड़ द्वारा कानून हाथ में लेने के मामले में भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं है और वीडियो फुटेज के आधार पर पिटाई करने वालों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *