कल की रात थी नवंबर की पिछले 10 सालों की सबसे ठंडी रात
10 सालों में पहली बार नवंबर में 11 डिग्री के नीचे पहुंच तापमान
पहली बार नवंबर की इतनी ठंडी शुरुआत
इंदौर। इस साल ठंड (Cold) अपने सभी रिकॉर्ड (Record) तोड़ने जा रही है। कल रात पारा लुढ़ककर 10.3 डिग्री पर पहुंच गया। इससे कल की रात इस मौसम (Season) की सबसे ठंडी रात होने के साथ ही पिछले 10 सालों की नवंबर की सबसे ठंडी रात बन गई। ठंड का एहसास शाम से ही होने लगा था, रात चढ़ने के साथ ही पारा गिरता गया और एक नया रिकॉर्ड बन गया। खास बात यह भी है कि पहली बार नवंबर के पहले ही सप्ताह में न्यूनतम तापमान (Minimum Temperature) के रिकॉर्ड टूटे हैं, जबकि इससे पहले ठंड के सभी रिकॉर्ड 20 नवंबर के बाद दर्ज किए गए थे।विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री रहा जो सामान्य से 3 डिग्री और परसों की अपेक्षा 1.9 डिग्री कम था। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री रहा जो सामान्य से 5 डिग्री और परसों रात की अपेक्षा 1.8 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तरी और उत्तर-पूर्वी रही। हवाओं की अधिकतम रफ़्तार 9 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। रात के बाद आज सुबह से भी तीखी ठंड का एहसास बना रहा। धूप निकलने के बाद लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली।
