युवा कांग्रेस का जंगी प्रदर्शन, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन
Pritesh Jain । शहर में बढ़ते अपराध, नशाखोरी और मेट्रो की अव्यवस्थित योजना के मुद्दों को लेकर युवक कांग्रेस ने सोमवार को कलेक्टर कार्यालय पर जंगी प्रदर्शन किया। जहां पुलिस ने कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचने से पहले रोकने के लिए वॉटर केनन का प्रयोग कर कार्यकर्ताओं को खदेड़ा,जिसके बाद कार्यकर्ता अपना ज्ञापन सौंप कर लौट गए।
युवक कांग्रेस के जंगी प्रदर्शन के लिए हरसिद्धि मंदिर पर सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इकट्ठा हो गए थे और यहां से हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर शहर की समस्याओं के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर बढ़े। हालांकि पुलिस प्रशासन ने पहले से ही कड़े बंदोबस्त कर रखे थे और कलेक्टर कार्यालय मार्ग को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया था। कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने की कोशिश की और बेरिकेटिंग को हटाने का प्रयास भी किया।

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज धार से कई युवक कांग्रेस कार्यकर्ता गिर पड़े और चोटिल हुए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि थोड़ी देर बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई। इसके बाद युवक कांग्रेस के शहर अध्यक्ष अमित पटेल शहर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और विपिन वानखेड़े के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शहर में फैलती नशाखोरी, बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने और मेट्रो प्रोजेक्ट में आ रही अव्यवस्थाओं को दूर करने की मांग की गई। युवक कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और तेज किया।

