आवागमन बंद होने से परेशान रहवासियों ने किया प्रदर्शन, 10 महीनों से निर्माण अधूरा

0
Screenshot_20260613-160455~2

सरफराज खान, इंदौर वार्ड क्रमांक-1 में अधूरी पुलिया को लेकर जनता का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। करीब 8 से 10 महीनों से निर्माणाधीन पुलिया का कार्य पूरा नहीं होने से हजारों रहवासियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर स्थानीय नागरिकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ जोरदार विरोध जताया।

वार्ड क्रमांक-1 में आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस नेता एवं वार्ड प्रभारी अनवर शेख ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए और अधूरी पुलिया के निर्माण को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

रहवासियों का कहना है कि कई महीनों से पुलिया का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा हुआ है, जिसके कारण क्षेत्र में आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है, वहीं दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान लोगों ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पोस्टरों पर लिखा था — “अधूरी पुलिया का निर्माण कब पूरा होगा?” और “वादा नहीं, काम चाहिए।”जनता ने सवाल उठाया कि आखिर निर्माण कार्य में इतनी देरी क्यों हो रही है और इसके लिए जिम्मेदार कौन है।इस दौरान वार्ड प्रभारी अनवर शेख ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशान है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चिंटू चौकसे भी सक्रिय नजर आए। जानकारी के अनुसार उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर पुलिया निर्माण को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने की मांग की।”क्षेत्र की जनता पिछले कई महीनों से परेशान है। आवागमन में दिक्कत हो रही है, व्यापार प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। हम जनता की आवाज बनकर यहां खड़े हैं और जब तक पुलिया का निर्माण पूरा नहीं होगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।”स्थानीय लोगों का कहना है कि अनवर शेख क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर हमेशा सक्रिय रहते हैं और जनता की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने का काम करते हैं। यही वजह रही कि बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी इस प्रदर्शन में शामिल हुए।

अब सभी की निगाहें नगर निगम और संबंधित विभागों पर टिकी हैं कि आखिर कब तक इस अधूरी पुलिया का निर्माण पूरा होगा और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।फिलहाल जनता को उम्मीद है कि इस विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आएगा और लंबे समय से अधूरा पड़ा पुलिया निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *