PCS परीक्षा रविवार को, इंदौर के 6 परीक्षा केन्द्रों पर 2398 परीक्षार्थी शामिल होंगे
परीक्षा 19 जुलाई रविवार को दो सत्रों में होगी आयोजित
परीक्षार्थियों का मोबाईल ऐप के माध्यम से होगा फेस अथन्टीकेशन
इंदौर, 17 जुलाई 2026 संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े के निर्देशन में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (एसीएस) परीक्षा – 2026 को लेकर उपायुक्त (राजस्व) श्रीमती सपना लोवंशी ने संभागायुक्त कार्यालय में समीक्षा बैठक ली।
बैठक में बताया गया कि आयोग द्वारा आयोजित सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (एसीएस) परीक्षा 19 जुलाई रविवार को इंदौर के 6 केन्द्रों पर सम्पन्न होगी। इस परीक्षा में कुल 2 हजार 398 परीक्षार्थी शामिल होंगे। उक्त परीक्षा के लिए संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े को परीक्षा समन्वयक बनाया गया है एवं उपायुक्त (राजस्व) श्रीमती सपना लोवंशी को परीक्षा प्रभारी बनाया गया है। बैठक में संघ लोक सेवा आयोग दिल्ली के पर्यवेक्षक श्री जितेन्द्र शर्मा, पोस्ट मास्टर जनरल श्री अजय बाफना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, प्राध्यापक डॉ. डी.के. गुप्ता, बिजली विभाग के अधिकारी श्री अनुज गुप्ता, स्थानीय निरीक्षण अधिकारी, केन्द्राध्यक्ष, पुलिस विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में परीक्षा प्रभारी ने बताया कि सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेस (एसीएस) परीक्षा 19 जुलाई को दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरा सत्र दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक रहेगा। परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व प्रवेश द्वार आधे घंटे पूर्व बंद हो जाएंगे, परीक्षार्थी केन्द्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुँचे। परीक्षा में परीक्षार्थियों का मोबाईल ऐप के माध्यम से फेस अथन्टीकेशन होगा। परीक्षा केन्द्रों पर मोबाईल, डिजीटल स्मार्ट वॉच एवं अन्य डिजीटल उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में ब्लेक बॉल पाइंट पेन, पेंसिल, स्वयं का फोटो, एडमिट कार्ड एवं आईडी प्रुफ परीक्षा हॉल में ले जा सकेंगे। परीक्षा प्रभारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी परीक्षा केन्द्रों पर सतत विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें। पेयजल, बुनियादी सुविधाओं आदि की पर्याप्त व्यवस्था रखें।
