छिंदवाड़ा में सीएम के कार्यक्रम से लौट रही बस का भयानक एक्सीडेंट, घटनास्थल पर ही 10 की मौत, 30 से ज्यादा घायल-

0
20260327_013644-COLLAGE

CM के कार्यक्रम से लौट रही बस पलटी– मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में ट्रक से टक्कर के बाद बस पलट गई। हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 से ज्यादा घायल हैं। हादसे के बाद अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसा उमरानाला के पास हुआ। बस में करीब 41 लोग सवार थे। बस छिंदवाड़ा से उमरानाला की ओर जा रही थी। बस चौरई तहसील में आयोजित हितग्राही सम्मेलन से लौट रही थी। इस हादसे के बाद मौके पर डॉक्टरों की टीम और पुलिस, राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर माना जा रहा है कि ट्रक से जोरदार टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और बड़े आयोजनों के बाद यात्रियों के सुरक्षित परिवहन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सीएम मोहन यादव ने x पर पोस्ट मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज शाम को छिंदवाड़ा-नागपुर रोड पर हुई सड़क दुर्घटना हृदय विदारक बताया है। प्रभावित परिवारों के प्रति उन्होंने संवेदनाएं व्यक्ति की हैं।परमपिता परमात्मा से प्रार्थना की है कि सभी दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कामना की है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को घायलों के इलाज के लिए उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।जबलपुर से डॉक्टर्स के दल छिंदवाड़ा और नागपुर भेजने के निर्देश दिए हैं। मृतकों के निकटम परिजनों को 4-4 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। सभी घायलों का इलाज निःशुल्क किया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष ने सरकार पर उठाए सवाल, उमंग सिंगार ने x पर क्या कहा छिंदवाड़ा की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने X पर ट्वीट कर कहा- मैं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही बस की भीषण दुर्घटना में 10 लोगों की मृत्यु एवं 30 से अधिक लोगों के घायल होने की घटना अत्यंत दुखद एवं गंभीर है।

चूंकि सभी लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रहे थे, अतः यह राज्य सरकार एवं स्वयं मुख्यमंत्री की प्रत्यक्ष जिम्मेदारी है कि घायलों को शीघ्र अति-शीघ्र उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और प्रत्येक पीड़ित परिवार को तत्काल समुचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार कार्यक्रम में बसों के माध्यम से अत्यधिक संख्या में लोगों को लाया गया था। ऐसे में यह प्रश्न उठता है कि क्या उनकी सुरक्षित आवागमन हेतु कोई ठोस एवं पर्याप्त व्यवस्था की गई थी?

यह केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि व्यवस्थागत लापरवाही का गंभीर संकेत है। राज्य सरकार इस पर स्पष्ट जवाब दे और जिम्मेदारी तय करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *