इंदौर में 29 लाख की प्रॉपर्टी धोखाधड़ी का खुलासा, फर्जी दस्तावेज बनाकर फ्लैट बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार
इंदौर। लसूडिया थाना पुलिस ने एक बड़ी प्रॉपर्टी धोखाधड़ी का खुलासा किया है। बेलमंट पार्क स्थित फ्लैट के फर्जी दस्तावेज तैयार कर 29 लाख रुपए की ठगी करने वाले शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दे रहा था।

इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रॉपर्टी से जुड़ी बड़ी धोखाधड़ी का पर्दाफाश किया है। आरोपी राजेश कुशवाहा ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर बेलमंट पार्क स्थित फ्लैट के फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उसे बेचने का सौदा कर लिया। आरोपियों ने भुवनेश्वर राव, ब्रह्मदीप परिहार और दत्त पचौरी से अलग-अलग खातों में कुल 29 लाख रुपए प्राप्त किए और धोखाधड़ी कर रकम हड़प ली। मामले की जांच के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजेश कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों आशीष पारीक जैन और लव कुशवाहा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ अन्य थानों में भी मामले दर्ज हैं और वह पहले से फरार चल रहा था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय से रिमांड पर लिया है और उससे पूछताछ जारी है, जबकि उसके अन्य दो साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
