डेली कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ साजिश, संस्था के दो सदस्यों पर मीडिया एजेंसी के गंभीर आरोप
Pritesh Jain। विश्वप्रसिद्ध और चर्चित डेली कॉलेज में पिछले साल हुए चुनाव के दौरान संस्था की छवि धूमिल करने के मामले में नया मोड़ आ गया है, मीडिया एजेंसी संचालक महिला ने क्राइम ब्रांच पहुंचकर संस्था से जुड़े दो सदस्यों द्वारा इलेक्शन कैंपेन के लिए बनाए एकाउंट के माध्यम से दुरुपयोग और संस्था की छवि धूमिल करने के आरोप लगाए और पुलिस को अपने बयान भी दर्ज करवाए हैं।
नवंबर दिसंबर 2025 में इंदौर के डेली कॉलेज के बोर्ड ऑफ मेंबर्स के चुनाव होना थे ,जिसके लिए मीडिया प्रोडक्शन से जुड़ी अलीशा सैनी को हायर किया गया था। अब अलीशा ने संस्था से जुड़े संदीप पारेख और अनुराग जैन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अलीशा का कहना है कि दोनों ने उन्हें चुनावी कैंपेन के नाम पर बड़े पैमाने पर गुमराह किया और फर्जी जानकारी देकर कंटेंट तैयार करवाया यही नहीं फर्जी स्क्रिप्ट देकर भी कंटेंट बनवाए गए जिससे संस्था की छवि खराब हुई। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा कि शुरू में उन्हें बताया गया कि संबंधित पेज ओल्ड डेलियन एसोसिएशन का ऑफिशियल अकाउंट है और अनुराग जैन इसके प्रेजिडेंट हैं। इसी आधार पर उनके स्टूडियो ने वीडियो शूट, वॉयसओवर और अन्य डिजिटल कंटेंट तैयार किया। अलीशा का आरोप है कि नवंबर–दिसंबर के दौरान उन्हें पता चला कि यह कैंपेन किसी वैध इलेक्शन प्रक्रिया से जुड़ा हुआ नहीं था, बल्कि भ्रामक तरीके से निजी फायदे के लिए संचालित किया जा रहा था। जब उन्होंने इस बारे में स्पष्टता मांगी तो उन्हें कोई ठोस जवाब नहीं मिला। बाद में एक लीगल ऑर्डर मिलने पर उन्हें अहसास हुआ कि पेज और उससे जुड़ा कंटेंट विवादों में है। इसके बाद उन्होंने तुरंत खुद को इस कैंपेन से अलग कर लिया और पूरे मामले की जानकारी डेली कॉलेज प्रशासन सहित पुलिस को सौंपी। अलीशा ने दावा किया कि स्क्रिप्ट्स, चैट्स, रिकॉर्डिंग्स और शूट का पूरा रॉ डेटा उन्होंने जांच टीम को सौंप दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने संदीप पारेख और अनुराग जैन को लिखित रूप से संदेश भेजकर बताया था कि उन्हें गलत जानकारी देकर इस कैंपेन में शामिल किया गया। अलीशा ने उम्मीद जताई कि पुलिस जांच में सभी तथ्यों को सामने लाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
– वहीं देश के प्रतिष्ठित स्कूल्स में शामिल डेली कॉलेज का मामला होने से क्राइम ब्रांच पुलिस भी बेहद सावधानी से जांच पड़ताल कर रही है, कॉलेज से देश के कई राजपरिवार और उनके परिजन संस्था के सदस्य है और राजनीति में भी उनका वर्चस्व है और इन्ही के बीच हुए संस्थागत चुनावों में भ्रामक प्रचार के बाद यह मामला सामने आया है। मामला फिलहाल जांच में है और पूरे घटनाक्रम को लेकर शहर में सनसनी फैल गई है।
