औद्योगिक इंदौर राजधानी इंदौर में इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एक्सपो
इंदौर में उद्योगों का महासंगम
इंदौर । मध्य भारत की औद्योगिक ताकत का शानदार प्रदर्शन इंदौर में उस समय देखने को मिला, जब इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग एक्सपो 2026 का शुभारंभ शहर के लाभगंगा परिसर में हुआ। 27 फरवरी से 2 मार्च तक आयोजित यह महाआयोजन उद्योग, नवाचार और अत्याधुनिक तकनीक का संगम बन गया है। इस एक्सपो में विधायक गोलू शुक्ला और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा भी पहुंचे और उद्योग जगत में उपयोग की जाने वाली आधुनिक मशीनों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन इंदौर को राष्ट्रीय औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान दिला रहे हैं और स्थानीय उद्योगों को व्यापक मंच प्रदान कर रहे हैं।

आयोजक संस्था फ्यूचर कम्युनिकेशन इवेंट एक्जीबिशन प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर लक्ष्मण दूबे ने बताया कि यह एक्सपो पिछले 13 वर्षों से उद्योगों को जोड़ने का सशक्त माध्यम बना हुआ है। इस वर्ष करीब 250 से अधिक स्टॉल्स में देश की अग्रणी मशीन निर्माता कंपनियां अपनी अत्याधुनिक मशीनरी और तकनीकी समाधान प्रदर्शित कर रही हैं। विशाल मशीनों के लाइव डेमो और उत्पाद निर्माण की प्रक्रिया ने आगंतुकों को विशेष रूप से आकर्षित किया है। एक्सपो में मुंबई, दिल्ली सहित मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के उद्योगपतियों की भागीदारी ने इसे राष्ट्रीय स्तर का औद्योगिक मंच बना दिया है। यह आयोजन साबित करता है कि स्वच्छता में अव्वल इंदौर अब औद्योगिक विकास की दौड़ में भी अग्रणी बनता जा रहा है।

